देर शाम फायर स्टेशन पहुंचे एसपी बागेश्वर, उपकरणों और तैयारियों का लिया जायजा; 24×7 अलर्ट रहने के निर्देश
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। आपदा प्रबंधन, वनाग्नि की रोकथाम और आपातकालीन व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा ने 23 सितंबर 2026 की देर शाम अग्निशमन केंद्र बागेश्वर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फायर स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था, रेस्क्यू उपकरणों, अभिलेखों और कर्मचारियों की मुस्तैदी का जायजा लिया।
औचक निरीक्षण के दौरान स्टेशन इंचार्ज एलएफएम त्रिलोक राम सहित सभी अधिकारी एवं कर्मचारी ड्यूटी पर मुस्तैद मिले। पुलिस अधीक्षक ने वॉच रूम, संतरी ड्यूटी, फायर स्टेशन कार्यालय, स्टोर, भोजनालय और एमटी कार्यालय का निरीक्षण किया। ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों का टर्नआउट एवं सतर्कता जांचते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने कर्मचारी बैरक, गैरेज और पूरे फायर स्टेशन परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई की स्थिति देखी। साथ ही कार्यालय, स्टोर और एमटी कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण सरकारी रजिस्टरों एवं अभिलेखों की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान नवनियुक्त अग्निशमन द्वितीय अधिकारी सचिन सेमवाल भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने उन्हें प्रशिक्षण के दौरान विभागीय जिम्मेदारियों को गंभीरता से समझने तथा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने अग्निशमन केंद्र के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ सम्मेलन कर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बागेश्वर फायर सर्विस एवं आपातकालीन टीम द्वारा किए जा रहे रेस्क्यू कार्यों की भी समीक्षा की। आगामी मौसम और संभावित आपदाओं को देखते हुए सभी अग्निशमन एवं जीवनरक्षक रेस्क्यू उपकरणों को 24×7 सदैव तैयारी की स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आकस्मिक घटना के दौरान तत्काल प्रभाव से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।





Users Today : 2
Users Yesterday : 66
Users Last 7 days : 558